रायपुर. कोरोनावायरस के संक्रमण को रोकने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। इस बीच छत्तीसगढ़ में गुरुवार तक 6 मामले काेराेना पॉजिटिव के सामने आ चुके हैं। इनमें से 5 मामले पिछले 24 घंटे के दौरान ही सामने आए हैं। इन मामलों में सबसे ज्यादा चौंकाने वाली जानकारी रायपुर और बिलासपुर से है। बिलासपुर में विदेश से लौटने के 40 दिन बाद महिला पॉजिटिव आई है। जबकि रायपुर में संक्रमित मिला वृद्ध कभी शहर से बाहर ही नहीं गया है।
एक माह बाद रिपोर्ट निगेटिव, फिर 10 दिन बाद पॉजिटिव
जानकारी के मुताबिक, 64 वर्षीया महिला 40 दिन पहले 10 फरवरी को सऊदी अरब से बिलासपुर आई थी। इसके बाद महिला का 15 मार्च को जब सैंपल लिया गया तो उसकी टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव थी। बावजूद उसे होम आइसोलेशन में रहने के लिए कहा गया था। इसके 10 दिन बाद लिए गए सैंपल में महिला की रिपोर्ट बुधवार को पॉजिटिव आ गई। सीएमओ प्रमोद महाजन का कहना है कि महिला पॉजिटिव है या नहीं उनको जानकारी नहीं है। उसका सैंपल फिर से भेजा गया है।
रैंडम सर्वे के दौरान लिए गए सैंपल में हुई पुष्टि
रायपुर के रामनगर निवासी 60 वर्षीया बुजुर्ग विकलांग हैं। उनकी विदेश या राज्य से बाहर जाने को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है। वह रायपुर में ही रहते हैं और बताया जा रहा है कि प्लास्टिक सामान बेचने का काम करते हैं। सीएमएचओ मीरा बघेल ने बताया कि कोरोना के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से घर-घर जाकर रैंडम सर्वे किया जा रहा है। इस दौरान 90 लोगों के सैंपल लिए गए। इनमें से पांच के सैंपल एम्स भेजे गए थे। इसी सैंपल में बुजुर्ग के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।